18 अक्टूबर 2015 - 14:19
 ईरान हर ख़तरे से निपटने के लिए हथियार तैयार कर चुका है।

ईरान के थल सेनाध्यक्ष ने कहा है कि हमने धमकियों और ख़तरों के अनुसार उनसे निपटने के लिए हथियार तैयार कर लिए हैं।

ईरान के थल सेनाध्यक्ष ने कहा है कि हमने धमकियों और ख़तरों के अनुसार उनसे निपटने के लिए हथियार तैयार कर लिए हैं।
ब्रिगेडियर जनरल अहमद रज़ा पूरदस्तान ने रविवार को देश के पश्चिमी व उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में मुहर्रम नामक सैन्य अभ्यास के अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह सैन्य अभ्यास ख़तरों को दृष्टिगत रख कर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैन्य अभ्यासों के आयोजन का एक लक्ष्य, सैनिकों की क्षमता में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि हमारा दायित्व है कि अपने आपको ख़तरों के अनुसार तैयार रखें और सैनिकों की शक्ति में वृद्धि करें। थल सेनाध्यक्ष ने कहा कि वे जनता को ये विश्वास दिलाते हैं कि उसे किसी भी प्रकार का ख़तरा नहीं होगा।
ब्रिगेडियर जनरल अहमद रज़ा पूरदस्तान ने मुहर्रम सैन्य अभ्यास के संदेश के बारे में कहा कि जो लोग, ईरान को धमकाने का विचार रखते हैं, उनसे हम कहना चाहते हैं कि इस्लामी गणतंत्र ईरान के सिपाहियों का जवाब, कड़ा, विध्वंसक और उग्र होगा। उन्होंने अमरीका के समर्थन वाले तकफ़ीरी आतंकी गुटों के ख़तरे की ओर संकेत करते हुए कहा कि ईरान की थल सेना ने रेपिड एक्शन इकाइयां बनाई हैं जो हर स्थिति में कार्यवाही करने में सक्षम और अत्यंत सशक्त हैं। थल सेनाध्यक्ष ने कहा कि प्रतिरक्षा उद्योग के सहयोग से ख़तरों और धमकियों के मुक़ाबले के लिए हमने उचित हथियार तैयार कर लिए हैं।