राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने कहा है कि ईरान, अफ़ग़ान सरकार और राष्ट्र के साथ है और वह अफ़ग़ानिस्तान सहित समस्त पड़ोसी देशों के विकास और सुरक्षा को अपना विकास और सुरक्षा समझता है।
राष्ट्रपति रूहानी ने रविवार को न्यूयार्क में अफ़ग़ानिस्तान के चीफ़ एक्ज़ीक्टिव अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह से मुलाक़ात में कहा कि अफ़ग़ानिस्तान में सुरक्षा की सुदृढ़ता, इस देश के विकास की प्रक्रिया के मज़बूत होने का कारण बनेगा और इस बारे में विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युद्ध और रक्तपात से किसी को कोई परिणाम नहीं मिल सकता और यदि वास्तव में समाधान के मार्ग के इच्छुक हैं तो कुछ गुटों को चाहिए कि हथियार डाल दें क्योंकि यह प्रक्रिया अफ़ग़ानिस्तान के विकास के लिए बेहतर होगी।
डाक्टर हसन रूहानी ने अफ़ग़ानिस्तान के कुछ क्षेत्रों में मादक पदार्थों की पैदावार और इससे पड़ोसी देशों के लिए उत्पन्न होने वाली समस्याओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि अफ़ग़ान सरकार को चाहिए कि अपने देश में मादक पदार्थों की पैदावार रोकने के लिए तेज़ कार्यवाहियां करे। इस मुलाक़ात में अफ़ग़ानिस्तान के चीफ़ एक्ज़ीक्टिव अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने भी अपने देश की स्थिति से अवगत कराते हुए विशेषकर अफ़ग़ानिस्तान के पुनर्निमाण के चरण में ईरान की सरकार और जनता के समर्थन पर आभार व्यक्त किया और कहा कि ईरान ने हर अवसर पर अफ़ग़ानिस्तान की सरकार और जनता के साथ अपनी मित्रता को सिद्ध किया है।