इराक़ के प्रधानमंत्री ने आतंकी गुट आईएसआईएल के ख़िलाफ़ युद्ध जारी रखने पर बल दिया है।
हैदर अलएबादी ने इस तकफ़ीरी आतंकी गुट के विरुद्ध युद्ध में सेना और स्वयं सेवी बल की सफलताओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि इराक़, पूर्ण विजय तक आतंकियों के ख़िलाफ़ युद्ध जारी रखेगा। उन्होंने इस युद्ध में सेना को हथियारों की आपूर्ति के संबंध में आर्थिक समस्याओं की ओर संकेत किया और कहा कि आर्थिक समस्याओं के चलते सेना और स्वयं सेवी बल के लिए आवश्यक सभी हथियारों और सैन्य उपकरणों की आपूर्ति संभव नहीं है।
इराक़ी प्रधानमंत्री ने इस बात की ओर संकेत करते हुए कि देश में निरंतर राजनैतिक सुधार जारी है, कहा कि कुछ राजनैतिक गुटों की कोशिश है कि सुधार की प्रक्रिया को रोक दिया जाए या उसमें बाधाएं खड़ी कर दी जाएं लेकिन वे अपने इस उद्देश्य में सफल नहीं होंगे। ज्ञात रहे कि अलएबादी ने 9 अगस्त को सरकारी ढांचे में व्यापक सुधार की योजना पेश की है जिसके अनुसार देश के बजट में से अतिरिक्त ख़र्चों और अनावश्यक पदों को समाप्त कर दिया जाएगा।