ईरान के संसद सभापति ने आतंकवादियों के ख़िलाफ़ इराक़ी राष्ट्र व सरकार की मदद जारी रखने पर बल दिया है।
अली लारीजानी ने शनिवार को तेहरान में इराक़ी संसद सभापति सलीम अलजबूरी से मुलाक़ात के बाद, प्रेस कान्फ़्रेंस में कहा कि ईरानी राष्ट्र और सरकार ने ऐसे कठिन हालात में इराक़ सरकार के आह्वान पर इराक़ की मदद की कि हालिया वर्षों में आतंकवादी, इराक़ के आंतरिक ढांचे को ख़त्म करने की कोशिश में थे। उन्होंने इराक़ को प्रजातांत्रिक ढांचे से समृद्ध क्षेत्र का महत्वपूर्ण देश बताया और कहा कि हालिया वर्षों में ईरान, इराक़ी राष्ट्र व सरकार के साथ खड़ा रहा है।
ईरान के संसद सभापति ने अपने इराक़ी समकक्ष के साथ राजनैतिक संबंधों की मज़बूती, स्थायी सुरक्षा की स्थापना, आतंकवाद से संघर्ष और दोनों देशों के बीच व्यापारिक लेन-देन के स्तर को बढ़ाने जैसे विषयों पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि इराक़ी संसद सभापति सलीम अलजबूरी ने क्षेत्र के हालात और समरस्ता व स्थायी सुरक्षा के लिए इराक़ सरकार द्वारा उठाए गए क़दम के बारे में रिपोर्ट पेश की।
ज्ञात रहे इराक़ के संसद सभापति सलीम अलजबूरी शुक्रवार की शाम तेहरान के दौरे पर पहुंचे हैं।