सीरिया के पुरातन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल के आतंकवादियों ने ऐतिहासिक शहर पालमीरा के प्राचीन बाल्शेमिन मंदिर को ध्वस्त कर दिया है।
सीरिया के प्राचीन कलाकृति विभाग के प्रमुख का कहना है कि मंदिर को रविवार को उड़ा दिया गया
सीरिया के प्राचीन कलाकृति विभाग के प्रमुख मामून अब्दुल करीम ने एएफ़पी को बताया कि आईएसआईएल ने मंदिर के अंदर काफ़ी मात्रा में विस्फ़ोटक पदार्थ रखकर उसे उड़ा दिया, जिससे मंदिर को काफ़ी क्षति पहुंची है।
आईएसआईएल ने इसी साल मई महीने में पालमीरा पर क़ब्ज़ा कर लिया था। तभी से इस बात को लेकर चिंताएं जताई जा रही थीं कि यूनेस्को के इस विश्व विरासत स्थल को ध्वस्त किया जा सकता है।
इससे पहले भी आईएसआईएल ने सीरिया और इराक़ में अपने क़ब्ज़े वाले इलाक़ों में कई महत्वपूर्ण प्राचीन ऐतिहासिक स्थलों को ध्वस्त किया है।
पिछले महीने ही आईएसआईएल ने कुछ तस्वीरें प्रकाशित की थीं जिसमें तकफ़ीरी आतंकवादियों को मंदिर से लूटी हुई क़ीमतीं चीजों और मूर्तियों को नष्ट करते हुए दिखाया गया था।
इस मंदिर का निर्माण सन् 17 में किया गया था, जिसके बाद सन् 130 में इसका पुनर्निमाण किया गया।