ज़ायोनी सेना ने गुरुवार की रात सीरिया के दक्षिण-पश्चिमी क़ुनैतरा क्षेत्र के अलकूम इलाक़े में एक गाड़ी पर मीज़ाईल से हमला किया जिसमें रिपोर्ट के अनुसार 5 आम नागरिक हताहत हुए।
सीरियाई टी वी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, क़ुनैतरा के राज्यपाल अहमद शैख़ अब्दुल क़ादिर ने कहा कि यह हवाई हमला कूम के निकट उस सड़क पर हुआ जो ख़ान अर्नाबेह गावं की ओर जाती है। यह हमला गुरुवार आधी रात से पहले हुआ। कूम राजधानी दमिश्क़ से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है।
यह हमला ऐसी स्थिति में हुआ जब एक दिन पहले ज़ायोनी युद्धक विमान ने क़ुनैतरा के एक इलाक़े पर बमबारी की और तेल अबिब के अनुसार यह बमबारी उस रॉकेट के हमले के जवाब में की गयी जो सीरिया की भूमि से उत्तरी इस्राईल पर दाग़ा गया। इस्राईल के युद्धक विमान की बमबारी में एक व्यक्ति हताहत और 7 अन्य घायल हुए।
ज़ायोनी सेना ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि सीरिया के गोलान हाइट्स के भाग से जलील पर चार रॉकेट फ़ायर किए गए। जलील लेबनान की सीमा और इस्राईल के अतिग्रहण वाले गोलान हाइट्स के निकट पहाड़ी इलाक़ा है। ज़ायोनी सेना के बयान के अनुसार इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
ज़ायोनी युद्ध मंत्री मूशे यालून ने एक बयान में यह दावा किया कि रॉकेट का हमला फ़िलिस्तीन के इस्लामी जेहाद आंदोलन ने किया है और इसके लिए सीरियाई सरकार ज़िम्मेदार है और उसे इसका अंजाम भुगतना होगा।
यह ऐसी हालत में है कि इस्लामी जेहाद आंदोलन ने यालून के इस आरोप को रद्द किया है और कहा है कि ज़ायोनी शासन इस बहाने इस आंदोलन के ख़िलाफ़ कार्यवाही करना चाहता है।
सीरियाई सरकार का कहना है कि तेल अबिब और उसके पश्चिमी तथा क्षेत्रीय घटक तकफ़ीरी आतंकवादियों की सीरिया में मदद करते हैं।
सीरियाई सेना देश के भीतर आतंकियों के नियंत्रण से बड़ी मात्रा में इस्राईल निर्मित हथियार और गोला बारूद ज़ब्त कर चुकी है।