सीरयाई सेना ने हिज़्बुल्लाह के साथ मिल कर सीमावर्ती क़स्बे ज़बदानी के पूरब और उत्तर में तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ नई कामयाबी हासिल की।
समाचार एजेंसी साना के अनुसार, मंगलवार को घटक बल ने ग्यारह बिल्डिंग ब्लॉक पर नियंत्रण करते हुए, सीरियाई सेना और हिज़्बुल्लाह के जियालों के लिए इस शहर के मध्य भाग की ओर आगे बढ़ने का रास्ता साफ़ किया।
रिपोर्ट के समय, घटक बल, आतंकियों को ज़बदानी शहर के दक्षिणी छोर की ओर खदेड़ते हुए, इस शहर की इमाम अली मस्जिद के क़रीब धीरे-धीरे बढ़ रहे थे।
लेबनानी मीडिया के अनुसार, ज़बदानी के अनेक इलाक़ों में आतंकियों के ख़िलाफ़ घेरा तंग होने के कारण लगभग एक दर्जन कुख्यात आतंकियों ने ख़ुद को हिज़्बुल्लाह के हवाले कर दिया। इनमें ज़्यादातर अलक़ाएदा की शाखा अन्नुसरा फ़्रंट के आतंकी हैं।
ज़बदानी, राजधानी दमिश्क़ से लगभग 50 किलोमीटर उत्तर में स्थित स्ट्रेटिजिक दृष्टि से अहम शहर है। इस शहर को आज़ाद कराने के लिए सीरियाई सेना और हिज़्बुल्लाह का 6 हफ़्तों से ज़्यादा समय से अभियान जारी है। यह शहर पिछले कई साल से आतंकियों द्वारा सीरिया के भीतर हथियार एवं रंगरूट पहुंचाने के लिए इस्तेमाल होता आ रहा है। घटक बल ने ज़बदानी के अनेक बड़े भाग को अपने नियंत्रण में ले लिया है।
इस बीच एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना ने इस देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित दरआ शहर में घुसपैठ करने की आतंकियों की कोशिश को नाकाम बना दिया है। दरआ के पूर्वोत्तरी छोर पर सीरियाई सेना ने जैश अल यरमूक नामक गुट के ठिकानों पर हमले किए जिसमें दसियों आतंकी ढेर हो गए। इस रिपोर्ट के अनुसार, इसी इलाक़े में नुसरा फ़्रंट के ठिकानों पर भी कार्यवाही की गयी।
सीरिया में मार्च 2011 से विदेश समर्थित आतंक जारी है। जिसमें अब तक दसियों हज़ार लोग मारे जा चुके हैं।