यमन पर सऊदी अरब का अतिक्रमण जारी है। यमन पर सऊदी अरब के ताज़ा हमलों में 20 बेगुनाह नागरिक हताहत और 30 अन्य घायल हुए।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी युद्धक विमानों ने सोमवार की सुबह तड़के यमन की राजधानी सनआ और मआरिब प्रांत पर कई बार बमबारी की।
सऊदी युद्धक विमानों ने दक्षिणी यमन के तइज़ प्रांत के राहेदा इलाक़े में एक घर पर बम मारा जिसमें 4 बेगुनाह लोग मारे गए।
यमन के अलमसीरा टीवी चैनल के अनुसार, आतंकवादी गुट अलक़ाएदा के आतंकियों ने तइज़ प्रांत के सुमैल बाज़ार पर मॉर्टर गोलों से हमला किया। इस हमले में 16 बच्चे और औरतें घायल हुए। घायलों में कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुयी है।
रविवार को यमन के मध्य में स्थित इब प्रांत के रज़मा क्षेत्र में स्थित शरआ गांव पर सऊदी युद्धक विमानों ने बमबारी की जिसमें 15 व्यक्ति हताहत और 20 अन्य घायल हुए। यमन की सेना और स्वंयसेवी बलों ने जवाबी कार्यवाही करते हुए ज़हरान इलाक़े में सऊदी अरब की सैन्य छावनी अलब पर रॉकेट से हमला किया जिसमें सऊदी सेना की एक बक्तर बंद गाड़ी तबाह हो गयी। यमनी सेना इसी प्रकार नजरान में सऊदी सेना की पश्चिमी कमान और ज़हरान की सवीला सैन्य छावनी पर मॉर्टर गोले मारे।
इसी प्रकार यमनी सेना ने सऊदी अरब के अतिग्रहण में मौजूद जीज़ान प्रांत के तवाल इलाक़े में हुफ़ैरा सैन्य छावनी पर रॉकेट और मॉर्टर गोले फ़ायर किए।
ज्ञात रहे सऊदी अरब ने यमन के नजरान, जीज़ान और असीर प्रांतों पर 1934 में क़ब्ज़ा किया था।