10 अगस्त 2015 - 18:55
दिल्ली में देश भर के शिया उलेमा की मुलायम सिंह यादव से मुलाक़ात।

भारत के वरिष्ठ शिया धर्मगुरू मौलाना सय्यद कल्बे जवाद ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से उत्तर प्रदेश में शिया मुसलमानों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण मुलाक़ात की है।

भारत के वरिष्ठ शिया धर्मगुरू मौलाना सय्यद कल्बे जवाद ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से उत्तर प्रदेश में शिया मुसलमानों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण मुलाक़ात की है।
दिल्ली से प्राप्त हो रहे समाचारों के अनुसार मौलाना कल्बे जवाद के साथ भारत में शिया और सुन्नी मुसलमानों के 200 से अधिक वरिष्ठ उलेमा गए थे, जिसमें 21 वरिष्ठ धर्मगुरूओं से मुलायम सिंह यादव ने मुलाक़ात की है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव से मौलाना कल्बे जवाद की मुलाक़ात को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्राप्त समाचारों के अनुसार मौलाना कल्बे जवाद शिया वक़्फ़ बोर्ड में जारी भ्रष्टाचार, अल्पसंख्यकों के अधिकारों की अनदेखी शिया समुदाय पर बढ़ते अत्याचार और वक़्फ़ बोर्ड की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सोमवार को 4 बजे शिया सुन्नी उलेमा के प्रतिनिधियों के साथ मुलायम सिंह यादव से मुलाकात करने दिल्ली पहुँचे थे।
दिल्ली स्थित मुलायम सिंह यादव के आवास 16 अशोका रोड पर शिया और सुन्नी उलेमा और सपा मुखिया के बीच बातचीत हुई, मुलायम सिंह ने 14 अगस्त को लखनऊ में मौलाना कल्बे जव्वाद से यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में एक बार फिर मुलाक़ात करने और समस्यओं के हल करने का आशवासन दिया है।
मौलाना कल्बे जवाद के साथ गए एक प्रतिनिधी ने हमें बताया कि मुलायम सिंह यादव और उलेमा की बैठक सकारात्मक रही, उन्होंने हमे बताया कि मुलाक़ात में मुलायम सिंह यादव ने मौलाना कल्बे जवाद से कहा कि लखनऊ में हम आपसे मुलाक़ात करेंगे और इन सभी समस्याओं का हल निकालेंगे।
मुलायम सिंह यादव ने मौलाना कल्बे जवाद से कहा कि लखनऊ में 14 अगस्त को होने वाली बैठक महत्वपूर्ण अधिकारियों की उपस्थिति में होगी ताकि समस्याओं पर विचार होने के बाद उसका हल निकाला जा सके, साथ ही मुलायम सिंह यादव ने कहा कि वक़्फ़ बोर्ड की सीबीआई जांच की मांग बिल्कुल उचित है और सीबीआई जांच होनी।
सपा मुखिया ने 14 अगस्त को मुलाकात के समय सीबीआई जांच के लिए पत्र लिखे जाने की बात कही है।
मुलायम सिंह और मौलाना कल्बे जवाद की हुई मुलाक़ात के दौरान ही मुलायम सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को फ़ोन करके बात की और साथ ही मौलाना कल्बे जवाद की भी बात कराई।
इस मौक़े पर भारत के वरिष्ठ शिया धर्मगुरू मौलाना कल्बे जवाद ने 27 जुलाई को पुलिस द्वारा बच्चों, बूढ़ों और महिलाओं पर किए गए लाठीचार्ज के बारे में बात की और प्रशासन की ओर से किये गये पक्षपात और क्रूर व्यवहार की शिकायत की मौलाना ने कहा कि अभी तक मामूली धाराओं में गिरफ़्तार किए गए लोगों को रिहा नहीं किया गया है, बल्कि मुचलकों की जगह बड़ी बड़ी ज़मानतों की शर्तें रखी गई हैं जिस पर मुलायम सिंह ने कहा कि हम इस संबंध में अधिकारियों से बात करेंगे।
जानकारों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में कई महीनों से शिया मुसलमानों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों और भूखहड़ताल के बाद हो रही इस बैठक में कोई परिणाम निकले यह संभव नहीं लगता है, जानकारों के अनुसार सपा मुखिया पार्टी के बड़े नेता और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान को कभी नाराज़ नहीं करेंगे।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह से मुलाक़ात के लिए सहारनपुर, मुज़फ़्फर नगर, मेरठ, अमरोहा, ग़ाज़ियाबाद, कानपुर, सीतापुर, हरदोई, शाहजहांपूर , जौनपुर, मुज़फ़्फ़रपुर बिहार, औरंगाबाद, फर्रुख़ाबाद, हरियाणा, लखनऊ, कानपूर, बाराबंकी, पटना और अन्य क्षेत्रों से 200 से अधिक शिया सुन्नी धर्मगुरूओं का प्रतिनिधि मंडल दिल्ली पहुँचा था। मुलाक़ात के समय मौलाना कल्बे जवाद नक़वी के साथ सुन्नी उलेमा में विशेष रूप से हाजी मोहम्मद सलीस मौजूद थे।