अबना: शनिवार को आतंकवादियों ने सीरिया की राजधानी दमिश्क के सेंटर में स्थित एक आवासीय क्षेत्र में मोर्टार के गोले से हमला किया, जिससे पांच आम नागरिक मारे गए और छत्तीस अन्य घायल हो गए। आतंकवादी तत्वों ने इससे पहले भी अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए निर्दोष लोगों को अपने हमलों का निशाना बनाया था। उधर अलमिनार टीवी ने रिपोर्ट दी है कि सीरियाई सेना और प्रतिरोध बलों ने अलज़ुबदानी शहर में अहरारुश्शाम नामक आतंकवादी गिरोह के तीन तत्वों को गिरफ्तार कर लिया।
रिपोर्ट के अनुसार इस शहर के पूर्वी क्षेत्रों में सीरियाई सेना और हिज़बुल्लाह के जवानों की पहल जारी है। दूसरी ओर सीरिया के सेंटर में स्थित सदद शहर में आईएसआईएल आतंकवादी गिरोह के कब्जे के खतरे के मद्देनजर, इस शहर के सैकड़ों ईसाई नागरिक, अपना घर छोड़ने पर मजबूर हो गए। रिपोर्ट के अनुसार ईसाइयों के मानवाधिकार सेंटर के प्रमुख ओसामा एडवर्ड ने कहा है कि सदद शहर के ईसाई नागरिक, हुम्स और दमिश्क स्थानांतरित हो रहे हैं, जो सीरियाई सरकार के नियंत्रण में है।
एक जानकार माध्यम का कहना है कि उत्तर पश्चिमी सीरिया में स्थित शहर करयतीन के पास भी गंभीर झड़पें हुई हैं। रिपोर्ट के अनुसार आतंकवादियों ने शहर के दो सौ तीस नागरिकों का अपहरण कर लिया है, जिनमें कई ईसाई नागरिक भी शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि शहर के ज्यादातर शहरी ईसाई हैं। गौरतलब है कि पश्चिम और कुछ क्षेत्रीय देशों के समर्थित आतंकवादी, सन 2011 से केंद्र सरकार को गिराने पर आमादा हैं, लेकिन अब तक वे अपने नापाक इरादों को पूरा करने में सफल नहीं हो सके हैं।