इराक़ के पश्चिमी प्रांत अंबार में इराक़ी वायु सेना की अलग अलग कार्यवाहियों में आई एस आई एल के 2 सरग़नाओं सहित 50 से ज़्यादा आतंकी मारे गए।
गुरुवार को यह कार्यवाहियां अंबार प्रांत के केन्द्र रमादी से 7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हुसैबा शहर और अलमलामह तथा अलबू अलवान इलाक़ों में की गयीं। जिसमें 52 आतंकी मारे गए। इस हवाई कार्यवाही में 58 आतंकी घायल भी हुए हैं। इराक़ी युद्धक विमानों ने इस कार्यवाही के दौरान आई एस आई एल के हथियारों के 9 भंडार, 22 बक्तर बंद वाहन और 14 गाड़ियां ध्वस्त कर दीं।
ज्ञात रहे बुधवार को इराक़ के अंबार और सलाहुद्दीन प्रांतों में इराक़ी सुरक्षा बल और स्वयंसेवी बल की संयुक्त कार्यवाही में 70 से ज़्यादा आई एस आई एल के आतंकी मारे गए थे।
जून 2014 में आई एस आई एल द्वारा इराक़ के कुछ इलाक़ों पर क़ब्ज़े के बाद से पश्चिमी और उत्तरी इराक़ में अशांति फैली हुयी है। तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आई एस आई एल अपने नियंत्रण वाले इलाक़ों में सभी संप्रदायों व धर्मों के अनुयाइयों के ख़िलाफ़ ऐसे जघन्य अपराध कर रहे हैं जिनको सुन कर मानवता का सिर शर्म से झुक जाए।
आई एस आई एल के नियंत्रण वाले इलाक़ों को आज़ाद कराने के लिए इराक़ी सेना और स्वयंसेवी बल का अभियान जारी है जिसमें उन्हें अब तक बड़ी सफलताएं मिली हैं।