मध्य प्रदेश के हरदा में बीती देर रात एक रेल पुल पार करते समय बाढ़ के पानी में डूबी पटरियों से दो ट्रेनों के डिब्बों के कुछ ही मिनटों के अंतराल में उतरकर उफनती माचक नदी में गिर जाने से 29 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य लोग घायल हो गए।
बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे के आसपास हुए दोहरे ट्रेन हादसे में मरने वालों की विरोधाभासी संख्या बताई जा रही है । हादसा भोपाल से करीब 160 किलोमीटर दूर खिरकिया और भिरंगी स्टेशनों के बीच खंडवा-इटारसी खंड में हुआ । हादसे की शिकार होने वाली ट्रेनों में वाराणसी जा रही कामायनी एक्सप्रेस और पटना से मुंबई जा रही जनता एक्सप्रेस शामिल हैं।मध्यप्रदेश सरकार के प्रवक्ता अनुपम राजन ने कहा, ‘भोपाल से करीब 160 किलोमीटर दूर खिरकिया और हरदा के बीच दुर्घटनास्थल से अब तक 29 शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 13 पुरूष, 11 महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। ’ रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि 250 से ज्यादा यात्री बचाए जा चुके हैं। हालांकि रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने संसद में बताया कि हादसे में 12 यात्रियों की मौत हुई है। इस दुर्घटना की वजह भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ लगती है।’
हादसा मंगलवार रात करीब 11 बजकर 30 मिनट पर हुआ क्योंकि भारी बारिश के चलते पटरियों के नीचे की सामग्री बह गई ।’जनसंपर्क अधिकारी ने कहा, ‘करीब 25 यात्री घायल हुए हैं ।’ रेलवे के वाणिज्य मंडल प्रबंधक ब्रजेंद्र कुमार ने बताया कि भीषण बाढ़ में यात्रियों के बह जाने की आशंका के मद्देनजर आसपास के इलाकों में खोज अभियान शुरू कर दिया गया है ।