भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर के लेह इलाक़े में बादल फटने और बाढ़ के कारण, साबू गांव बह गया है।
लेह में पिछले दो दिन से हो रही बारिश के कारण रविवार की रात नदी के तेज़ बहाव के कारण गांव के अधिकतर कच्चे मकान बह गए। चारों तरफ पानी भर जाने के कारण गांव के अंदर अभी भी हजारों लोगों के फंसे होने की ख़बर है। इनमें से कई विदेशी टूरिस्ट भी बताए जा रहे हैं।
सोमवार को अंतिम सूचना मिलने तक यहां आर्मी या सरकारी मदद नहीं पहुंच पाई है। गांव लेह एयरपोर्ट से 7 किलो मीटर की दूर पर मनाली-लेह हाइवे पर स्थित था। इस बीच, मणिपुर, पश्चिम बंगाल समेत भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का क़हर जारी है। इन राज्यों में बारिश और बाढ़ के कारण अब तक 155 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि लाखों लोग बेघर हो गए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई है। पश्चि बंगाल, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, मराठवाड़ा, विदर्भ और तेलंगाना के अनेक इलाकों के लिए ख़ास चेतावनी दी गई है।