सीरिया की सेना ने आईएसआईएल के आतंकवादियों के साथ 35 दिनों की गंभीर झड़पों के बाद हसका नगर के दक्षिणी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बना ली है। सीरिया की सेना ने इस देश के स्वयंसेवियों की सहायता से उन क्षेत्रों को पूर्ण रूप से स्वतंत्र करा लिया है जो 25 जून से आईएसआईएल के नियंत्रण में थे।
इस संबन्ध में सीरिया के एक सैन्य अधिकारी का कहना है कि इस क्षेत्र में आईएसआईएल के अतिरिक्त कुछ अन्य आतंकवादी गुटों के प्रवेश करने और सशस्त्र झड़पें करने के बावजूद हमने क्षेत्र को पूर्ण रूप से स्वतंत्र करा लिया है। अलआलम को दिये अपने साक्षात्कार में इस सीरिया अधिकारी का कहना था कि यहां पर आतंकवादियों ने हर प्रकार के शस्त्रों का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने इस क्षेत्र में बने रहने के लिए विभिन्न प्रकार के कार बमों का प्रयोग किया बल्कि कार के अतिरिक्त अन्य वाहनों में भी विस्फोटक पदार्थ रखकर उनको विस्फोटित किया किंतु इसके बावजूद उन्हे विफलता ही हाथ लगी। सैनिक सूत्रों का कहना है कि इस अभियान में कई तकफ़ीरी आतंकवादी मारे गए। सेना का कहना है कि हसका नगर को आतंकवादियों से स्वतंत्र कराने का यह सफलतापूर्ण अभियान, केवल हसका नगर तक ही सीमित नहीं है बल्कि पूरे क्षेत्र से आतंकवादियों को निकाल बाहर करने तक जारी रहेगी।
दूसरी ओर अलआलम टीवी के पत्रकार ने बताया है कि सीरिया की सेना ने हमा नगर के उत्तर में स्थित 7 महत्वपूर्ण क्षेत्रों को स्वतंत्र करा लिया है। इस बात की पुष्टि, सीरिया सरकार के विरोधी गुटों से संबन्धित संस्था, सीरियन ह्यूमन राहट्स वाच ने भी की है। इस सूत्र का कहना है कि सीरिया की सेना, स्ट्रैटेजिक नगर जिसरुश्शुग़ूर की ओर तेज़ी से बढ़ रही है।