ईरान के विदेश मंत्री ने आशा जताई है कि परमाणु समझौते के बाद ईरान व यूरोप के संबंध नए चरण में प्रविष्ट हो जाएंगे।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार की शाम तेहरान में यूरोपीय संघ के विदेशी मामलों की प्रभारी फ़ेड्रीका मोगरीनी के साथ एक संयुक्त पत्रकार सम्मेलन में कहा कि ईरान व यूरोप के व्यापक संबंध थे और आशा है कि अकारण अस्तित्व में आने वाले संकट के गुज़र जाने के बाद ईरान व गुट पांच धन एक के बीच होने वाले समझौते के माध्यम से दोनों एक नए चरण में दाख़िल होंगे। ज़रीफ़ ने कहा कि तेहरान ने समग्र परमाणु समझौते के बारे में जो भी वादा किया है, उन पर क़ानूनी चरणों की समाप्ति के बाद कटिबद्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि ईरान की जनता को कुछ पश्चिमी देशों की नीतियों की ओर से चिंता है और आवश्यकता इस बात की है कि पश्चिमी देश विशेष कर अमरीका अपनी नीतियों के बारे में ईरानी जनता के अविश्वास को समाप्त करने का प्रयास करें।
इस पत्रकार सम्मेलन में यूरोपीय संघ के विदेशी मामलों की प्रभारी फ़ेड्रीका मोगरीनी ने भी इस बात पर बल देते हुए कि परमाणु समझौते के क्रियानवयन के बाद ईरान व यूरोपीय संघ के संबंधों में एक नया अध्याय आरंभ होगा, कहा कि अब यह दिखाने का समय आ गया है कि दोनों पक्षों ने एक समझौता किया है और वे उसे लागू कर सकते हैं और यह एक ऐतिहासिक बात होगी। उन्होंने कहा कि परमाणु समझौता ईरान व गुट पांच धन एक के बीच गंतव्य नहीं बल्कि मार्ग का आरंभ है और जब दोनों पक्ष समझौते को लागू करेंगे तो यूरोपीय पूंजी निवेशक ईरान आने लगेंगे।