28 जुलाई 2015 - 13:48
 बग़दाद, आतंकवादी हमलों में 18 की मौत, 44 घायल।

इराक़ की राजधानी बग़दाद में आतंकवादी धमाकों में कम से कम 18 व्यक्ति हताहत और 44 अन्य घायल हुए हैं।

इराक़ की राजधानी बग़दाद में आतंकवादी धमाकों में कम से कम 18 व्यक्ति हताहत और 44 अन्य घायल हुए हैं।
यह धमाके पूर्वी बग़दाद के ‘न्यू बग़दाद’ नामक इलाक़े में हुए। पुलिस के मुताबिक़, इन आतंकवादी हमलों में कई दुकाने तबाह हो गईं। सोमवार को भी बग़दाद के ज़ाफ़रानिया इलाक़े में पेट्रोल पंप के क़रीब कार बम का धमाका हुआ था जिसमें 3 व्यक्ति हताहत और 12 अन्य घायल हुए थे। सोमवार को ही बग़दाद के सद्र सिटी इलाक़े में हुए धमाके में 2 इराक़ी हताहत हुए। सोमवार को दियाला प्रांत के पूर्वी इलाक़े अबू सैदा में खेल के एक स्टेडियम में फ़ुटबाल मैच के दौरान कई बम धमाके हुए जिसमें 4 बेगुनाह हताहत और 10 अन्य घायल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह बम स्टेडियम के दरवाज़ों के पीछे लगाए गए थे जिन्हें रिमोट कन्ट्रोल से उड़ाया गया। अभी तक किसी गुट ने इन धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन पूर्वी इराक़ के दियाला प्रांत में हालिया दिनों में आतंकी हमलों में आईएसआईएल लिप्त रहा है।
17 जुलाई को तकफ़ीरी आतंकियों ने दियाला प्रांत के ख़ान बनी साद में एक भीड़भाड़ वाले बाज़ार में ट्रक बम का धमाका किया था जिसमें कम से कम 100 बेगुनाह व्यक्ति हताहत हुए थे।