27 जुलाई 2015 - 13:02
तुर्की,आतंकवाद से संघर्ष के बहाने सीरिया पर हमले कर रहा है।

सीरिया के उपविदेश मंत्री ने कहा है कि तुर्की, हालिया वर्षों में आतंकवाद से संघर्ष के बहाने सीरिया पर अतिक्रमण कर रहा है।

सीरिया के उपविदेश मंत्री ने कहा है कि तुर्की, हालिया वर्षों में आतंकवाद से संघर्ष के बहाने सीरिया पर अतिक्रमण कर रहा है।
फ़ैसल मेक़दाद ने सीरियाई अख़बार अलवतन से इंटर्व्यू में, आईएसआईएल से निपटने के बहाने उत्तरी सीरिया में तुर्की की सेना की घुसपैठ के बारे में कहा कि दमिश्क़, देश की भूमि पर तुर्की की किसी प्रकार की गतिविधियों को क़ुबूल नहीं करेगा और अंकारा को सीरियाई राष्ट्र की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए। फ़ैसल मेक़दाद ने कहा कि तुर्की में पिछले कुछ साल और अभी हाल में कुछ हफ़्तों में जस्टिस ऐन्ड डेव्लपमंट पार्टी की सरकार ने आतंकवाद से संघर्ष के बहाने अनेक बार सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन किया और यह ऐसी हालत में है कि ख़ुद तुर्की उन आतंकियों व सशस्त्र व्यक्तियों का समर्थन करता है जो सीरियाई जनता का ख़ून बहा रहे हैं। उन्होंने आईएसआईएल के आतंकियों के दमन के बहाने तुर्की के हमले पर हैरत जताते हुए कहा कि आईएसआईएल को तुर्की के राष्ट्रपति रजब तय्यब अर्दोग़ान ने पाल-पोस कर बड़ा किया है। सीरिया के उपविदेश मंत्री फ़ैसल मेक़दाद ने कहा कि सीरिया, आतंकवाद से संघर्ष के लिए इच्छा रखने वाले सभी देशों और संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ सहयोग के लिए तय्यार है। उन्होंने कहा कि सीरिया के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत स्टीफ़न डी मिस्तूरा अभी भी सीरिया के मामले में आशावान हैं और उन्होंने अपने हालिया दमिश्क़ दौरे में, सीरिया की समस्या के हल के लिए नया दृष्टिकोण पेश किया है। फ़ैसल मेक़दाद ने कहा कि सीरिया की अस्ल चिंता फ़िलिस्तीन का विषय है जो अरबों का सबसे बड़ा मुद्दा है।