23 जुलाई 2015 - 06:44
 बग़दाद में बम विस्फ़ोट, 20 की मौत।

इराक़ की राजधानी बग़दाद के दक्षिण व उत्तर में हुए कार बम धमाकों में कम से कम बीस लोग मारे गए हैं।

इराक़ की राजधानी बग़दाद के दक्षिण व उत्तर में हुए कार बम धमाकों में कम से कम बीस लोग मारे गए हैं।
इरना की रिपोर्ट के अनुसार आतंकी गुटों ने बुधवार की रात दक्षिण व उत्तरी बग़दाद के दो क्षेत्रों में कार बम के धमाके किए जिनमें आरंभिक रिपोर्ट के अनुसार बीस आम नागरिक हताहत और दसियों अन्य घायल हो गए। स्थानीय सूत्रों के अनुसार इनमें से एक हमला दक्षिणी बग़दाद के शोहदा क्षेत्र में हुआ जिसमें कम से 18 लोग मारे गए और तीस अन्य घायल हो गए। उत्तरी बग़दाद के अश्शअब क्षेत्र में एक के बाद एक दो धमाके हुए जिनमें प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार अनेक लोग हताहत और घायल हुए किंतु अभी इस बारे में कोई पुष्ट रिपोर्ट नहीं मिल सकी है।
ज्ञात रहे कि हालिया दिनों में इराक़ की राजधानी बग़दाद की सुरक्षा स्थिति काफ़ी बिगड़ गई है। बग़दाद में आतंकी हमले, इराक़ी सेना द्वारा अलअंबार प्रांत को आतंकियों से मुक्त कराने के लिए आरंभ किए जाने वाले अभियान के बाद बढ़ गए हैं। मंगलवार की रात भी बग़दाद के दो क्षेत्रों में कार बम धमाके हुए थे जिनमें बड़ी संख्या में लोग हताहत और घायल हुए थे।