भारत और पाकिस्तान सहित अनेक देशों में पैग़म्बरे इस्लाम के उत्तराधिकारी हज़रत अली अलैहिस्सलाम की शहादत की बर्सी पूरी धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है।
भारत में लखनऊ, दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, श्रीनगर सहित अनेक शहरों में पिछले तीन दिन से मजलिसों और जुलूसों का सिलिसला चल रहा है। लखनऊ और हैदराबाद में बहुत बड़े पैमाने पर मजलिसों का आयोजन किया गया है।
पाकिस्तान के कराची, इस्लामाबाद और लाहौर सहित लगभग सभी छोटे बड़े शहरों में मजलिसों और जुलूसों का सिलसिला है। हर प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। 21 रमज़ान सन 40 हिज़री क़मरी को हज़रत अली अलैहिस्सलाम की शहादत हुई थी। इससे दो दिन पहले 19 रमज़ान को सुबह की नमाज़ के दौरान अब्दुर्रहमान नामक व्यक्ति ने तलवार से हमला करके हज़रत अली अलैहिस्सलाम को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
ईरान और इराक़ सहित कुछ देशों में रमज़ान एक दिन पहले शुरू हुआ था अतः हज़रत अली अलैहिस्सलाम का शहादत दिवस बुधवार को मनाया गया।