यमन पर सऊदी अरब के हवाई हमलों में कई अन्य यमनवासी मारे गए हैं।
यमन के सअदा प्रांत पर सऊदी युद्धक विमानों के ताज़ा हमले में दसियों लोग हताहत और घायल हुए हैं। इन युद्धक विमानों ने यमन के कई आवासीय क्षेत्रों को लक्ष्य बनाया जिसमें कम से कम 10 लोग मारे गए। सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने इसी प्रकार अलबैज़ा प्रांत पर भी गुरूवार को कम से कम छह बार बमबारी की।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने संयुक्त राष्ट्रसंघ की अनुमति के बिना 26 मार्च से यमन के विरुद्ध आक्रमण आरंभ कर रखा है। इस युद्ध में अब तक कम से कम 3000 लोग मारे जा चुके हैं और 4500 से अधिक घायल हुए हैं। पिछले तीन महीनों से अधिक समय से जारी इस आक्रमण में यमन में व्यापक स्तर पर विनाश हुआ है।
इसी बीच यमन के अंसारुल्लाह आन्दोलन ने इस देश में किये जाने वाले आक्रमण पर विश्व समुदाय की चुप्पी की आलोचना की है। अंसारुल्लाह आन्दोलन ने एक बयान जारी करके कहा है कि सऊदी अरब ने आक्रमण के दौरान हर प्रकार के अन्तर्राष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन किया है किंतु विश्व समुदाय इसपर चुप्पी साधे बैठा है।