एक वरिष्ठ अफ़ग़ान अधिकारी ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना के हेलिकाप्टर, देश के दक्षिणी अशांत क्षेत्रों में तालिबान के लिए हथियारों की खेप गिरा रहे हैं।
अफ़ग़ान रक्षा मंत्रालय के उप प्रवक्ता दौलत वज़ीरी ने सोमवार को कहा कि अफ़ग़ान सेना को आदेश दिया गया है कि वह पकतीका प्रांत में पाकिस्तानी सेना दवारा हथियार गिराने को रोकने के लिए जो भी संभव हो करें। इस से पहले रिपोर्टें आयी थीं कि पाकिस्तानी सेना के हेलीकाप्टर, अफ़ग़ानिस्तान के बरमल ज़िले में तालिबान के लिए हथियारों की खेप गिरा रहे हैं।
पाकिस्तान ने अभी तक इस आरोप पर कोई प्रतिक्रिया प्रकट नहीं की है। पिछले सप्ताह, सीमावर्ती क्षेत्र में अफ़ग़ान और पाकिस्तानी सैनिकों के मध्य फायरिंग भी हुई थी। यह झड़प, अफ़ग़ानिस्तान के इस आरोप के बाद हुई कि पाकिस्तान उसकी सीमा के भीतर चौकी बना रहा है। हालिया महीनों में दोनों देशों के मध्य तनाव बढ़ा है। अफ़ग़ानिस्तान का कहना है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी आईएसआई तालिबान के साथ सहयोग करती है जबकि पाकिस्तान का आरोप है कि अफ़ग़ानिस्तान, पाकिस्तान में सक्रिय आतंकवादियों और चरमपंथियों की शरणस्थली बन चुका है।