सऊदी अरब के क़तीफ़ नगर में सुन्नी और शिया मुसलमानों ने मिलकर नमाज़ पढ़ी।
अलआलम टीवी चैनेल की रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब के पूर्व में स्थित क़तीफ़ नगर में शिया और सुन्नी मुसलमानों ने रविवार को एक साथ मिलकर मग़रिब और इशा की नमाज़ पढ़ी। यह नमाज़ क़तीफ़ की एक मस्जिद में पढ़ी गई जिसका उद्देश्य मुसलमानों के बीच एकता को बढ़ाना तथा फैलाए जाने वाले मतभेदों को दूर करना था। क़तीफ़ में मग़रिब की नमाज़ पढ़ाने वाले सुन्नी धर्मगुरू शेख फ़रहान अश्शमरी ने कहा कि हमारा उद्देश्य, उन षडयंत्रों को विफल बनाना है जिनका उद्देश्य, मुसलमानों के बीच मतभेद उत्पन्न करना है। इशा की नमाज़ एक शिया धर्मगुरू लुई अन्नासिर ने पढ़ाई। नमाज़ के बाद उन्होंने कहा कि शत्रु, शिया और सुन्नी मुसलमानों के बीच मतभेद पैदा करने के प्रयास में है जिसे हमें मिलकर विफल बनाना होगा।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब के क़तीफ़ नगर में पढ़ी जाने वाली संयुक्त नमाज़ से पहले कुवैत और बहरैन की कई मस्जिदों में सुन्नी और शिया मुसलमानों ने मिलकर नमाज़ पढ़ी जिससे इस्लाम के शत्रु बड़े सदमे में हैं।