अब्दुल्लाह सालेह की हत्या पर इनाम की घोषणा।सऊदी अरब के एक प्रमुख व्यवसायी ने यमन के पूर्व राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह की हत्या करने वाले को इनाम देने की घोषणा की है।
मध्यपूर्व के सबसे निर्धन देश यमन पर सऊदी हमलों के प्रति अपना समर्थन जताने के लिए प्रिंस मशअल बिन सऊद स्पोर्ट सेंटर के निदेशक सआद अब्दुल हादी अन्ज़ी ने अपने ट्वीटर एकाउंट पर घोषणा की है कि जो कोई भी यमन के पूर्व राष्ट्रपति का सिर क़लम करेगा वह उसे इनाम के स्वरूप, 35 फ़्लैट, एक लैक्सस एसयूवी गाड़ी और स्पोर्ट सेंटर देंगे।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को अन्ज़ी ने अपने ट्वीट संदेश में इस इनाम की घोषणा की। अन्ज़ी सऊदी अरब के अल-नस्र फ़ुटबाल क्लब के समदस्य भी हैं।
उल्लेखनीय है कि सऊदी अरब ने यमन के भगोड़े राष्ट्रपति मंसूर हादी को सत्ता में वापस लाने की घोषणा के साथ 26 मार्च को यमन पर व्यापक आक्रमण शुरू किए थे। तीन महीने से भी अधिक का समय बीतने के बावजूद सऊदी अरब न केवल अपने किसी लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाया है, बल्कि दिन प्रतिदिन युद्ध में उसकी स्थिति कमज़ोर होती जा रही है।