हिज़्बुल्लाह के समर्थन से सीरियाई सेना ने सीमावर्ती इलाक़े क़लमून के ज़बदानी शहर में तकफ़ीरी आतंकवादियों के ख़िलाफ़ महत्वपूर्ण प्रगति की है।
रविवार को सीरिया की सरकारी न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सीरियाई सेना और हिज़्बुल्लाह के लड़ाकों ने ज़बदानी शहर के पश्चिम में जमाइया और अल-सुल्ताना इलाक़ों का कंट्रोल संभाल लिया है। इलाक़े में सेना का अभियान जारी है और इस अभियान में अब तक दर्जनों आतंकवादी मारे गए और सैकड़ों घायल हो गए हैं। सीरियाई युद्धक विमानों ने भी रविवार को आतंकवादी गुट अल-नुस्रा फ़्रंट के ठिकानों पर बम बरसाए। लेबनान के टीवी चैनल अल-मनार ने भी रिपोर्ट दी है कि सीरिया की राजधानी दमिश्क़ से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ज़बदानी शहर के पश्चिमी इलाक़े पर सीरियाई सेना और हिज़्बुल्लाह ने निंयत्रण कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि क़लमून इलाक़े में ज़बदानी ऐसा अंतिम शहर है कि जो आतंकवादी गुटों के क़ब्ज़े में है। ज़बदानी में जारी भीषण लड़ाई सीरियाई सेना और हिज़्बुल्लाह के उस अभियान का भाग है जो 4 मई को आरम्भ हुआ था। इस अभियान में लेबनान से लगे सीरिया के इस रणनीतिक इलाक़े के लगभग 90 प्रतिशत भाग को आतंकवादियों से आज़ाद कराया जा चुका है।
क़लमून इलाक़े को आतंकवादी गुट नुस्रा फ़्रंट सीरिया और लेबनान में हथियारों और आत्मघाती हमलावरों की तस्करी के लिए इस्तेमाल करता रहा है।