यमन पर सऊदी अरब के 26 मार्च से जारी अतिक्रमण के जवाब में यमनी सेना की ओर से ताज़ा कार्यवाही में कई सऊदी सैनिक मारे गए और अनेक घायल हुए।
यमनी सेना ने सऊदी सैन्य छावनी पर जवाबी हमला किया। रविवार तड़के यमनी सेना की इस जवाबी कार्यवाही में, सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नजरान में अलमख़रूक़ सैन्य छावनी में एक सऊदी टैंक भी तबाह हो गया।
ज्ञात रहे यमन के तीन प्रांत नजरान, जीज़ान और असीर पर सऊदी अरब ने 1934 से नाजायज़ क़ब्ज़ा कर रखा है। दूसरी ओर सऊदी युद्धक विमानों ने यमन की राजधानी सनआ में एक सैन्य छावनी और केन्द्रीय प्रांत मआरिब तथा दक्षिण-पश्चिमी प्रांत तइज़ में कई इलाक़ों पर बमबारी की। शनिवार देर रात यमन के पश्चिमोत्तरी हज्जा प्रांत में एक बज़ार पर सऊदी युद्धक विमानों की बर्बरतापूर्ण बमबारी में कम से कम 30 बेगुनाह नागरिक हताहत हुए। यमन के पश्चिमोत्तरी प्रांत सअदा में एक अलग हवाई बमबारी में एक आम नागरिक हताहत हुआ।
ज्ञात रहे सऊदी अरब 26 मार्च से यमन पर संयुक्त राष्ट्र संघ की इजाज़त के बिना हवाई हमले कर रहा है। इसी प्रकार वह यमन पर हमले रोकने की अंतर्राष्ट्रीय समुदाय की अपील को भी अनसुनी कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र संघ के अनुसार, 26 मार्च से यमन में सऊदी अरब की हवाई बमबारी में 3000 बेगुनाह यमनी नागरिक मारे जा चुके हैं। इसी प्रकार इन हमलों में 14000 से ज़्यादा यमनी घायल हुए हैं।
बताया जाता है कि सऊदी अरब का यमन पर अतिक्रमण का लक्ष्य यमन के पूर्व फ़रारी राष्ट्रपति अब्द रब्बोह मंसूर हादी को सत्ता में वापस लाना तथा यमन के जनांदोलन अंसारुल्लाह को कमज़ोर करना है।