ईरान के वरिष्ठ परमाणु वार्ताकार अब्बास इराक़ची ने कहा है कि ईरान के ख़िलाफ़ पश्चिम की ओर से लगायी गयीं सभी पाबंदियां, व्यापक परमाणु समझौता होने वाले दिन ही उठा ली जाएंगी। उन्होंने शनिवार की शाम वियना से आईआरआईबी के साथ सीधे प्रसारित कार्यक्रम में कहा, “समझौते के दिन, अमरीका, यूरोपीय संघ और सुरक्षा परिषद की ओर से लगायी गयीं सभी आर्थिक व वित्तीय पाबंदियां उठा ली जाएंगी और हम अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए क़दम उठाएंगे।”
ईरान और गुट पांच धन एक 7 जुलाई की समयावधि के दौरान समझौता हासिल करने की कोशिश में हैं लेकिन ईरान, तारीख़ की सीमा में बंधा नहीं है और तेहरान किसी बुरे समझौते को स्वीकार नहीं करेगा बल्कि वह ऐसे समझौते को क़ुबूल करेगा जिसमें उसकी लाल रेखाओं और ईरानी राष्ट्र के अधिकारों का सम्मान किया गया हो। अब्बास इराक़ची ने कहा, “पिछली बातचीत के दौरान हमने कभी भी इतनी प्रगति नहीं की जितनी अब की है।”
शनिवार को ही ईरानी विदेश मंत्री जवाद ज़रीफ़ ने अपनी अमरीकी समकक्ष जॉन केरी से मुलाक़ात की। इसी प्रकार ईरानी विदेश मंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए के महानिदेशक यूकिया अमानो से भी बातचीत की। यूकिया अमानो ने ताज़ा बातचीत के दौर में शामिल होने से पहले कहा, “ईरान के सहयोग से मेरे विचार में इस साल के अंत तक हम रिपोर्ट जारी कर सकेंगे जिसमें संभावित सैन्य आयाम से जुड़े बिन्दुओं पर स्पष्टीकरण होगा।”
ज्ञात रहे ईरान और गुट पांच धन एक, ख़ुद से थोपी गयी 30 जून की अवधि के ख़त्म होने के बाद, ईरान के परमाणु कार्यक्रम के संबंध में व्यापक परमाणु समझौते के लिए वियना में बातचीत कर रहे हैं।