राष्ट्रपति ने कहा है कि दोनों पक्षों के संकल्प से ईरान व आईएईए के बीच बाक़ी बची समस्याएं अल्पावधि में हल हो सकती हैं।
डाक्टर हसन रूहानी ने गुरुवार को परमाणु ऊर्जा की अंतर्राष्ट्रीय एजेंसी आईएईए के महानिदेशक यूकिया अमानो से तेहरान में होने वाली मुलाक़ात में कहा कि शांतिपूर्ण परमाणु गतिविधियों का प्रसार और परमाणु शस्त्रों का अप्रसार एजेंसी के दो मुख्य दायित्व हैं जिनका संतुलित ढंग से और बिना किसी भेदभाव के पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईएईए के साथ ईरान के पारदर्शी सहयोग से यह बात सिद्ध हो चुकी है कि ईरान की परमाणु गतिविधियों में दिशाभेद के आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि आईएईए के सदस्य अन्य देशों की भांति ईरान को भी संपूर्ण परमाणु अधिकार मिलने चाहिए और इस संबंध में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
इस मुलाक़ात में आईएईए के महानिदेशक यूकिया अमानो ने ईरान के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि पिछले निरीक्षणों के बाद हमने सदैव इस बात की घोषणा की है कि ईरान की परमाणु गतिविधियों में सैन्य लक्ष्यों की ओर किसी भी प्रकार का दिशाभेद नहीं है और तेहरान अपनी सभी कटिबद्धताओं का पालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनका मानना है कि परस्पर सम्मान और सहयोग से सभी समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।