यूरोपीय संघ ने ईरान पर लगे प्रतिबंधों के निलंबन की समय सीमा में सात दिन की वृद्धि कर दी है।
यूरोपीय संघ ने घोषणा की है कि यह क़दम ईरान व गुट पांच धन एक के बीच जारी वार्ता में प्रगति के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए उठाया है। दूसरी ओर एक अमरीकी सूत्र ने बताया है कि वियाना में ईरान व गुट पांच धन एक के बीच जारी परमाणु वार्ता के समय में एक सप्ताह की वृद्धि कर दी गई है और अब यह वार्ता सात जुलाई तक जारी रहेगी। इस अमरीकी सूत्र का कहना है कि इसका अर्थ यह नहीं है कि वार्ता सात जुलाई तक जारी रहेगी बल्कि उससे पहले भी वार्ता का परिणाम निकल सकता है।
उधर ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख और अमरीका के ऊर्जा मंत्री ने मंगलवार को समग्र परमाणु समझौते के मसौदे की समस्याओं के बारे में वार्ता की। अली अकबर सालेही और अर्नेस्ट मूनीज़ के बीच लूसान वार्ता के बाद यह पहली तकनीकी बातचीत थी। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक यूकिया अमानो ने भी मंगलवार की शाम को ईरान के विदेश मंत्री के साथ वार्ता की जिसमें ईरान व आईएईए के बीच सहयोग के विषय की समीक्षा की गई।