सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन में संयुक्त राष्ट्र संघ की एक इमारत को निशाना बनाया है।
प्रेस टीवी की रिपोर्ट के अनुसार संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून के प्रवक्ता के सलाहकार फ़रहान हक़ ने बताया है कि सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने दक्षिणी यमन के अदन प्रांत में स्थित राष्ट्र संघ के विकास कार्यक्रम के कार्यालय पर हमला किया जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया। उन्होंने बताया कि इस हमले में राष्ट्र संघ की इमारत को भारी क्षति पहुंची है। फ़रहान हक़ ने इस इमारत पर सऊदी अरब के हमले की तुरंत जांच कराए जाने की मांग की।
बान की मून के प्रवक्ता के सलाहकार ने इसी प्रकार बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ की अंतिम रिपोर्टों के अनुसार 26 मार्च से आरंभ होने वाले यमन पर सऊदी अरब के वायु हमलों में अब तक कम से कम 2600 यमनी नागरिक हताहत और 11 हज़ार से अधिक घायल हो चुके हैं।