इराक़ी प्रधान मंत्री ने आतंकवादी विचारधारा को मूल समस्या बताते हुए इससे निपटने की ज़रूरत पर बल दिया।
असोशिएटेड प्रेस के अनुसार, इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने एक बयान में कहा कि आतंकवादी विचार, एक वास्तिवक समस्या है जिससे पूरी तय्यारी से निपटना चाहिए। उन्होंने कुवैत सहित कुछ देशों में आईएसआईएल के आतंकी हमलों का उल्लेख किया और कहा कि हमने अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में इस समस्या के संबंध में सचेत किया और आतंकवाद से संघर्ष में इराक़ की क्षेत्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मदद बढ़ाने और सभी स्थानों पर आतंकवाद के सर्वनाश तथा मस्जिदों में नमाज़ियों के जनसंहार को रुकवाने की अपील की थी।
हैदर अलएबादी ने कहा कि हमने संयुक्त राष्ट्र संघ के साथ एक दस्तावेज़ पर दस्तख़त किए हैं जिसके आधार पर आईएसआईएल के क़ब्ज़े से मुक्त कराए गए क्षेत्रों में तुरंत मदद पहुंचाने का कार्यक्रम है। इन कार्यक्रम पर आने वाले दिनों में काम शुरु हो जाएगा और विस्थापित लोगों की वतन वापसी हो सकेगी। यह प्रक्रिया तिकरीत में शुरु हो गयी है और संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इस शहर की मूल ज़रूरतों की जानकारी हासिल करने के लिए पिछले हफ़्ते तिकरीत का दौरा किया।