इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति ने कहा है कि मस्जिद में इस्लाम और कुरआन के नाम पर मुसलमानों की हत्या और धर्म का दुरुपयोग सब से बड़ा पाप है।
ईरानी राष्ट्रपति डाक्टर हसन रूहानी ने रविवार को क़ुरआने मजीद के कारियो तथा अन्य लोगों से एक भेंट में कहा कि कुरआन केवल पढ़ने और समझने के लिए नहीं है बल्कि कुरआन सही मार्ग दिखाता है और हमारी क्रांति का सब से बड़ा गौरव यह है कि वह पहले दिन से कुरआने मजीद और पैगम्बरे इस्लाम के परिजनों से जुड़ी रही है और यदि यह दोनों चीज़ें न हों तो फिर सफलता नहीं मिलती।
राष्ट्रपति ने कहा कि इस से बड़ा अत्याचार और क्या हो सकता है कि लोग कुरआन के नाम पर कुरआन और धर्म का अपमान करते हैं और मस्जिद के भीतर इस्लाम और कुरआन के नाम पर नमाज़ पढ़ने वालों को टुकड़ों में बदल देते हैं यह वास्तव में धर्म का दुरुपयोग और महापाप है।