इराक़ में आतंकी संगठन आईएसआईएल अपने बंधकों को मौत के घाट उतार रहा है।
इराक़ी सुरक्षा सूत्रों ने मीडिया को बताया कि आतंकियों ने पिछले सप्ताह 25 बंधकों की हत्या कर दी। इस सूत्र ने बताया कि मारे गये लोग अंबार प्रांत और फ़ल्लूजा शहर के रहने वाले थे।
फ़ल्लूजा पुलिस कमिश्नर वेसाम अलफ़लाही ने बताया कि आईएसआईएल के आतंकियों ने फ़ल्लूजा और उसके आसपास के क्षेत्रों में अपनी जेल में बंद क़ैदियों की हत्या करना आरंभ कर दिया है।
फ़ल्लाही ने कहा कि आईएसआईएल की शरीया अदालत ने विभिन्न आरोपों के अनुसार लोगों की हत्या के आदेश दिए हैं। उनका कहना था कि जिनका संबंध सुरक्षा एजेन्सियों और क़बाईली स्वयंसेवी बलों से था उनकी गर्दन काटने, सरकार के लिए जासूसी करने वालों को सिर में गोली मारने जबकि कुछ लोगों को हाथ पैर बांध कर भयानक ढंग से बिल्डिंग की छत से फेंकने का आदेश दिया गया। श्री फ़ल्लाही का कहना था कि आईएसआईएल के आतंकी फल्लूजा में बंधकों का सफाया कर रहे हैं। उनका कहना था कि फ़ल्लूजा में आईएसआईएल की जेलों में 1500 से अधिक लोग बंद हैं जिनमें सेना के पूर्व वरिष्ठ कमान्डर, क़बाईली सरदार, अध्यापक, इन्जीनियर, व्यापपरी और अन्य वर्गों के लोग शामिल हैं।