26 जून 2015 - 13:49
 सुरक्षा परिषद ने की यमन की घेराबंदी समाप्त करने की माँग।

संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद ने सऊदी अरब से मांग की है कि वह यमन की घेराबंदी समाप्त करे।

संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद ने सऊदी अरब से मांग की है कि वह यमन की घेराबंदी समाप्त करे।
बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से सुरक्षा परिषद ने एक बयान जारी किया जिसमें बल देकर कहा गया है कि खाद्य पदार्थ, ईंधन तथा अन्य आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले समुद्री जहाज़ों को यमन की बंदरगाहों तक पहुंचने दिया जाए क्योंकि यमन भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है।
15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने अपने बयान में कहा है कि यमन को सहायता की तत्काल आवश्यकता है। यमन के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत इसमाईल वल्द शैख़ अहमद ने यमन में तत्काल संघर्ष विराम की मांग करते हुए कह चुके हैं कि यमन के दो करोड़ दस लाख लोगों को मानवीय सहायता की भारी आवश्यकता है जबकि दस लाख लोग तो विस्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि भुखमरी की स्थिति से केवल एक क़दम की दूरी पर यमन खड़ा है और हम वास्तव में चाहते हैं कि आबादी की कठिनाइयों को कम करने का कोई मार्ग निकले। ज्ञात रहे कि सऊदी अरब ने वायु, ज़मीनी और समुद्री रास्तों से यमन की घेराबंदी कर रखी है और इस देश पर भीषण रूप से बम्बारी कर रहा है। बम्बारी में प्रतिबंधित हथियारों का भी प्रयोग किया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकरी स्टीफ़न ओब्रायन ने कहा कि व्यापारिक जहाज़ों की यमन आवाजाही बहुत ज़रूरी है। विश्व स्वास्थ्य संघ ने भी चेतावनी दी है कि डेढ़ करोड़ लोग आवश्यक सुविधाओं से वंचित हैं।