आतंकी संगठन आईएसआईएल ने उत्तरी इराक़ में 16 लोगों की बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी है।
आईएसआईएल ने एक वीडियो जारी की है जिसमें 16 लोगों को जासूसी के आरोप में अलग अलग तरीक़े से मौत के घाट उतारा गया है। आतंकी संगठन ने कुछ लोगों को गाड़ी के भीतर बंद करके आग लगा दी है कुछ को पिंजरे में बंद करके पानी में डुबो दिया और कुछ लोगों के सिर विस्फोटकों की मदद से उनके शरीर से अलग कर दिए हैं।
आतंकी संगठन ने अपने बयान में कहा है कि इन सोलह लोगों ने इराक़ी सेना के लिए जासूसी की है जिसके आधार पर इराक़ी सेना ने आतंकी संगठन के ठिकानों पर बम्बारी की है।
वीडियो में सोलह लोगों को तीन गुटों में दिखाया गया है और हर गुट को अलग तरीक़े से मारा गया है। आतंकियों ने चार लोगों को जिनके हाथ पांव बंधे हुए थे गाड़ी के भीतर बंद किया और फिर गाड़ी के दरवाज़ो को लाक कर दिया। इसके बाद एक आतंकी ने गाड़ी पर राकेट मारा जिससे गाड़ी में आग लग गई। दूसरा आतंकी गाड़ी के भीतर बंद किए गए चारों व्यक्तियों की मूवी बना रहा था। दूसरे ग्रुप में पांच लोगों को लोहे के पिंजरे में बंद किया गया और फिर उसमें ताला लगा दिया गया। फिर इस पिंजरे को स्वीमिंग पूल में डालकर डुबा दिया गया। पिंजरे में दो कैमरे लगाए गए थे जिनसे डूबते हुए लोगों की मूवी बनाई गई।
तीसरे ग्रुप में 7 लोग थे जिन्हें घुटने के बल बिठाया गया था और उनके गले में एक रस्सी लपेटी गई थी। इसी रस्सी में धमाके हुए और सातों लोगों के सिर बदन से अलग हो गए।