तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने उत्तरी इराक़ के मूसिल शहर के अनेक इलाक़ों से 1200 से ज़्यादा बच्चों का अपहरण कर लिया है।
सूमरिया टीवी चैनल के अनुसार, कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रवक्ता सईद ममूज़ीनी ने मूसिल में कहा कि आईएसआईएल के आतंकवादियों ने हाल में मूसिल के विभिन्न इलाक़ों से 1227 बच्चों का अपहरण किया है। उन्होंने कहा कि तकफ़ीरी इन अपहृत बच्चों को मूसिल के पूर्वी उपनगरीय इलाक़े में अपने ट्रेनिंग कैंप ले गए हैं ताकि उन्हें ज़बरदस्ती आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने की ट्रेनिंग दें। ममूज़ीनी ने कहा कि आईएसआईएल के आतंकवादियों ने इसी प्रकार मूसिल के दसियों निवासियों का अपहरण कर लिया। इन लोगों ने इस क्षेत्र में बच्चों के अपहरण के ख़िलाफ़ आवाज़ उठायी थी। यह रिपोर्ट ऐसी हालत में प्रकाशित हो रही है कि कुछ दिन पहले इराक़ी प्रधान मंत्री हैदर अलएबादी ने कहा है कि आईएसआईएल दुनिया के 100 देशों के बच्चों की सेवाएं उन देशों में आतंकवादी हमले के लिए ले रहा है जिन देशों में आईएसआईएल सक्रिय है। ह्यूमन राइट्स वॉच ने मार्च के आख़िर में एक रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया था कि तकफ़ीरी आतंकवादी गुट आईएसआईएल ने 2015 की पहली तिमाही में संकटग्रस्त सीरिया में आतंकवादी हमलों के लिए 400 लड़कों को इस्तेमाल किया है। यह लड़के अव्यस्क हैं और इनके ज़रिए इराक़ की सीमा के क़रीब अलमयादीन और बू कमाल शहरों में आतंकवादी हमले करवा गए हैं। ह्यूमन राइट्स वॉच के अनुसार, आईएसआईएल मस्जिदों, सार्वजनिक स्थलों, और उन स्थानों से बच्चों और नौजवानों का अपहरण करता है जहां वह लोगों को सरे आम फांसी देता है या कोड़े मारने सहित अनेक प्रकार की बर्बरतापूर्ण सज़ाए देता है। इराक़ में आईएसआईएल के हमले जून 2014 में शुरु हुए। इस गुट ने इराक़ के केन्द्रीय भाग की ओर बढ़ने से पहले, मूसिल पर क़ब्ज़ा किया। आईएसआईएल के आतंकवादियों ने इसी प्रकार इराक़ में आतंकवादी हमले शुरु करने से पहले सीरिया के कुछ भाग पर क़ब्ज़ा किया।
इराक़ी सैनिक, पुलिस, कुर्द बल और शीया तथा सुन्नी संप्रदाय के स्वयंसेवी, इराक़ से आईएसआईएल को निकालने के लिए संयुक्त रूप से कार्यवाही कर रहे हैं।