राष्ट्रपति ने कहा है कि ईश्वर की कृपा से आज न केवल ईरान में पूर्ण रूप से सुरक्षा स्थापित है बल्कि वह आतंकियों के षड्यंत्रं के मुक़ाबले में क्षेत्रीय राष्ट्रों की भी मदद कर रहा है।
डाक्टर हसन रूहानी ने बुधवार की रात इस्लामी क्रांति के संस्थापक स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के मज़ार पर उनकी बरसी के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में कहा कि ईरानी राष्ट्र आज आतंकियों के मुक़ाबले में इराक़, सीरिया, लेबनान, यमन और अन्य क्षेत्रीय राष्ट्रों की मदद कर रहा है और ईश्वर की सहायता से हम इन सभी षड्यंत्रों को विफल बना देंगे। उन्होंने कहा कि हमें आज की परिस्थितियों में पहले से अधिक सजग और होशियार रहना चाहिए क्योंकि आज क्षेत्र की परिस्थितियां विशेष हैं और यदि आज हम एकता व एकजुटता के साथ रहे तो स्वर्गीय इमाम ख़ुमैनी के आदेशों का पालन करेंगे क्योंकि वे सदैव एकता पर बल देते थे।
राष्ट्रपति रूहानी ने कहा कि शत्रु विभिन्न जातियों के बीच फूट डालना चाहते हैं, वे विभिन्न धर्मों व मतों के बीच विवाद उत्पन्न करना चाहते हैं, हमें पहले क़दम के रूप में एकता के साथ इस्लाम व अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता के मार्गदर्शन और जनता के समर्थन से सरकार सभी समस्याओं को दूर कर देगी। राष्ट्रपति ने कहा कि यदि ज़ायोनी शासन, कुछ षड्यंत्रकारी देश और क्षेत्र के कुछ रूढ़िवादी देश ये सोचते हैं कि वे दबाव और षड्यंत्रों के माध्यम से विदेश नीति के मार्ग में ईरानी राष्ट्र व सरकार की बढ़ते क़दमों को रोक देंगे तो वे ग़लती पर हैं। डाक्टर रूहानी ने कहा कि हम अपने मार्ग पर आगे बढ़ते रहेंगे और प्रतिबंधों को ध्वस्त करके रहेंगे।