ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि आज आतंकी गुटों का समर्थन करने वाले अलग-थलग पड़ गए हैं।
मुहम्मद जवाद ज़रीफ़ ने मंगलवार को सीरिया के संसद सभापति जेहाद लेहाम से मुलाक़ात में, आतंकवाद व चरमपंथ से संघर्ष में सीरिया की सरकार व जनता के समर्थन को ईरान की अटल नीति बताया और कहा कि इस संघर्ष में ईरान सीरियाई जनता व सरकार के साथ खड़ा हुआ है। उन्होंने आतंकियों के मुक़ाबले में ऐतिहासिक प्रतिरोध दिखाने पर सीरियाई राष्ट्र विशेष कर राष्ट्रपति बश्शार असद को बधाई का पात्र बताया। ज़रीफ़ ने कहा कि सीरियाई राष्ट्र हर क्षेत्र विशेष कर राजनैतिक मोर्चे पर विजयी है और आज आतंकी गुटों का समर्थन करने वाले अलग-थलग पड़ गए हैं और सीरियाई सरकार व राष्ट्र से सहयोग करने पर विवश हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान स्वयं क्षेत्र के देशों को करना होगा।
इस मुलाक़ात में सीरिया के संसद सभापति जेहाद लेहाम ने सीरियाई जनता व सरकार का समर्थन करने पर इस्लामी गणतंत्र ईरान के प्रति आभार प्रकट किया और कहा कि हमें सीरिया में एक अत्याचारपूर्ण युद्ध का सामना है सीरिया के मित्रों विशेष कर ईरान के समर्थन के कारण ही हम आतंकवाद और चरमपंथ के मुक़ाबले में प्रतिरोध करने में सफल रहे हैं।