आतंकी गुट आईएसआईएल ने सऊदी अरब में एक संदेश जारी करके अपने समर्थकों से कहा है कि वे इस देश में शियों का जनसंहार करें।
अलआलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार ऑडियो फ़ाइल के रूप में सोशल मीडिया पर जारी होने वाले इस संदेश में शियों को अनेकेश्वरवादी और धर्मभ्रष्ठ बताते हुए उनकी हत्या करने की मांग की है।
इस संदेश में वहाबी विचारधारा के जनक इब्ने तैमिया के दावों की ओर संकेत करते हुए कहा गया है कि शिया, यहूदियों और ईसाइयों से भी अधिक ख़तरनाक हैं अतः आईएसआईएल के स्वयंभू ख़लीफ़ा के आदेशानुसार शिया, जहां भी मिलें उनकी हत्या कर दी जानी चाहिए।
ज्ञात रहे कि पिछले दस दिनों में सऊदी अरब के क़तीफ़ व दम्माम नगरों में शिया मुसलमानों की दो मस्जिदों पर आत्मघाती हमले हुए हैं जिनमें बीस से अधिक लोग शहीद और दर्जनों घायल हुए हैं।
सऊदी अरब के शियों ने इन धमाकों के बाद विरोध प्रदर्शन करके देश के अधिकारियों से मांग की है कि वे संचार माध्यमों में धार्मिक उन्माद फैलाने वालों पर रोक लगाएं और नागरिकों की जान की रक्षा करें।