अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए में ईरान के प्रतिनिधि ने कहा है कि देश के परमाणु केन्द्रों तक एजेंसी की पहुंच का सवाल नहीं पैदा होता।
रज़ा नजफ़ी ने प्रेस टीवी से इंटर्व्यू में कहा कि ईरान और गुट पांच धन एक के बीच वार्ता में ईरान के सैन्य केन्द्रों तक आईएईए की पहुंच के विषय पर कोई बात ही नहीं हुयी है। उन्होंने कहा कि तथा कथित ईरान के संभावित सैन्य आयाम के विषय पर बातचीत को पूरी तरह मना कर दिया गया है और इस्लामी गणतंत्र ईरान इस विषय को मान्यता नहीं देता।
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए में ईरान के प्रतिनिधि रज़ा नजफ़ी ने बल दिया कि ईरान के संभावित सैन्य आयाम के बारे में आरोप निराधार हैं और कुछ ग़लत आरोपों के कारण आईएईए को ईरान के विभिन्न केन्द्रों, दस्तावेज़ों और हस्तियों तक पहुंच की इजाज़त नहीं दी जा सकती।
रज़ा नजफ़ी का यह बयान आईएईए की उस हालिया रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया में आया है जिसमें ईरान पर यह आरोप लगाया गया है कि उसने एजेंसी को कुछ केन्द्रों तक पहुंच की इजाज़त नहीं दी है।
ज्ञात रहे ईरान के वरिष्ठ परमाणु वार्ताकार अब्बास इराक़ची ने भी अपने बयान में देश के सैन्य केन्द्रों तक आईएईए की पहुंच के विषय को ख़ारिज कर दिया है।