ईरान ने सउदी अरब के दम्माम शहर में शियों की एक मस्जिद में नमाज़ियों पर आतंकवादी हमले की भर्त्सना की है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मर्ज़िया अफ़्ख़म ने शुक्रवार की शाम सउदी अरब के पूर्वी प्रांत में लगातार दूसरे हफ़्ते नमाज़ियों पर आतंकवादी हमले का उल्लेख करते हुए बल दिया कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने तथा उन लोगों से निपटने के लिए गंभीर रूप से कोशिश की जाए जो धार्मिक मतभेद को हवा देना तथा क्षेत्र की सुरक्षा व स्थिरता को ख़राब करना चाहते हैं।
ज्ञात रहे शुक्रवार को सउदी अरब के दम्माम शहर की इमाम हुसैन मस्जिद में आतंकवादी धमाके में 4 व्यक्ति शहीद और 10 अन्य घायल हुए। सउदी मीडिया ने गृह मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से बताया कि एक आत्मघाती ने, जो महिलाओं के कपड़े में था, इमाम हुसैन मस्जिद की पार्किंग में उस वक़्त अपनी कार धमाके से उड़ा दी जब सुरक्षा गार्डों ने उसकी कार रोक दी।
पिछले शुक्रवार को क़तीफ़ प्रांत के क़ुदैह गांव में इमाम अली मस्जिद पर हुए एक आत्मघाती हमले में 20 से ज़्यादा नमाज़ी शहीद और दसियों अन्य घायल हुए थे।