रोएटर ने समाचार दिया है कि आतंकवादी गुट आईएसआईएल से मुक़ाबले के लिए 3000 शीया स्वयंसेवी तैयार हैं।
रोएटर के अनुसार इराक़ के अलअंबार प्रांत के केन्द्री नगर रोमादी में आईएसआईएल के आतंकवादियों से मुक़ाबले के लिए हज़ारो शीया स्वयंसेवी पूरी तरह से तैयार हैं। रोएटर ने प्रत्यक्षदर्शियों और सैन्य अधिकारियों के हवाले से सूचना दी है कि तीन हज़ार सशस्त्र शीया स्वयंसेवी रोमादी कूच करने के लिए तैयार हो चुके हैं। इसी बीच पेंटागन के प्रवक्ता ने सोमवार को घोषणा की है कि अमरीका की नीति रोमादी में शीया स्वयंसेवियों के साथ सहकारिता न करना है। पेंटागन के अनुसार उनकी यहां पर उपस्थिति, जातीय हिंसा का कारण बन सकती है।
उल्लेखनीय है कि आईएसआईएल के आतंकवादियों ने शनिवार को रोमादी नगर में सरकारी कार्यालयों से पीछे हटने के बाद अपनी हार का बदला लेने के उद्देश्य से रविवार को पुनः इस नगर पर आक्रमण कर दिया था। आईएसआईएल ने दावा किया है कि रोमादी नगर पूर्ण रूप से उनके नियंत्रण में है।
ज्ञात रहे कि रोमादी नगर इराक़ के अलअंबार का केन्द्रीय नगर है जो राजधानी बग़दाद से 110 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।