ईरान और गुट पांच धन एक के सदस्य देशों के मध्य अंतिम परमाणु समझौते के मसौदे की तैयारी के लिए होने वाली चार दिवसीय वार्ता शुक्रवार को समाप्त हो गयी और अगली वार्ता बुधवार को वियना में ही होगी।
शुक्रवार को वार्ता के चौथे और अंतिम दिन, चीन और रूसी प्रतिनिधिमंडलों की ईरानी प्रतिनिधिमंडल से अलग अलग वार्ता हुई जबकि ईरान और तीन युरोपीय देशों, जर्मनी, ब्रिटेन और फ्रांस के मध्य अलग से वार्ता हुई। कार्यक्रमानुसार समझौते के मसौदे की तैयारी के लिए अगली वार्ता आगामी बुधवार को वियना में होगी। ईरान के वरिष्ठ वार्ताकार सैयद अब्बास इराक़ची ने बताया है कि अगले सप्ताह में फिर वियना में वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी हमें बहुत से काम करने हैं। अब्बास इराक़ची ने बताया कि हम मतभेदों को कम से कम करने की कोशिश कर रहे हैं किंतु कुछ मतभेद ऐसे हैं जिन के निवारण के लिए राजनीतिक स्तर पर फैसले की आवश्यकता है। याद रहे ईरान और गुट पांच धन एक के मध्य जून के अंत तक, अंतिम परमाणु समझौते का मसौदा तैयार करने का समय है।