ईरान की संसद में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के एक सदस्य मंसूर हक़ीक़तपूर ने कहा है कि ईरान परमाणु ऊर्जा की अंतरराष्ट्रीय एजेन्सी को अपने सैन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की अनुमति नहीं देगा।
उन्होंने ईरान के सैन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के बारे में परमाणु ऊर्जा की अंतरराष्ट्रीय एजेन्सी के महानिदेशक यूकिया अमानो के बयान की प्रतिक्रिया में कहा कि इस संबंध में यूकिया अमानो की बात अतार्किक, गैर कानूनी और अनैतिक है। हक़ीकतपूर ने कहा कि कोई भी देश अपने सैन्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की अनुमति नहीं देता है और एजेन्सी को चाहिये कि वह अपने क़ानूनी दायित्वों पर अमल करे और उसे अमेरिका और जायोनी शासन के आदेश के अनुसार नहीं चलना चाहिये।परमाणु ऊर्जा की अंतरराष्ट्रीय एजेन्सी के महानिदेशक यूकिया अमानो ने अपने हालिया बयान में कहा था कि ईरान और गुट पांच धन एक के मध्य समझौता हो जाने के बाद इस बात की संभावना उपलब्ध कराई जाये ताकि एजेन्सी ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों के अतिरिक्त सैन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण कर सके।