ईरान की संसद मजलिसे शुराये इस्लामी में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता ने कहा कि संसद अमेरिकियों को परमाणु वार्ता में ईरानी राष्ट्र के अधिकारों से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं देगी।
सैयद हुसैन नक़वी हुसैनी ने परमाणु वार्ता के दौरान अमेरिकी अधिकारियों के क्रिया- कलापों को ध्यान में रखते हुए कहा कि सांसद, गुट पांच धन एक के साथ हुए समझौते को लागू कराने के प्रयास में हैं। उन्होंने कहा कि संसद में एक प्रस्ताव पेश किया गया है जिसके अनुसार समग्र परमाणु समझौता हो जाने की स्थिति में संसद उस पर अमल करने की निगरानी कर सकेगी। श्री नक़वी हुसैनी ने कहा कि ईरानी राष्ट्र अमेरिका और पश्चिम पर विश्वास नहीं करता है और इन देशों का अतीत इस बात का सूचक है कि वे समझौतों का पालन न करने वाले देश हैं और इसके पालन के लिए हमारे पास आवश्यक गैरन्टी होनी चाहिये।
ज्ञात रहे कि गुरूवार को ९८ अमेरिकी सिनेटरों की सहमति से ईरान के साथ होने वाले सम्भावित परमाणु समझौते के बारे में एक प्रस्ताव पारित हुआ है जिसके आधार पर ईरान और गुट पांच धन एक के मध्य होने वाले समझौते को पांच दिन के बाद अमेरिकी कांग्रेस में पेश किया जायेगा और अमेरिकी सांसदों के पास उसकी समीक्षा के लिए ३० दिन का समय होगा।