इस्लामी गणतंत्र ईरान की संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा है कि हम राष्ट्रपति के विचार का पूर्ण समर्थन करते हैं और यदि सभी प्रतिबंध एक साथ नहीं हटाए गये तो परमाणु वार्ता में कोई समझौता नहीं होगा।
अलाउद्दीन बुरुजर्दी ने शनिवार की शाम तबरेज़ विश्वविद्यालय में अपने एक भाषण में कहा कि ओबामा, अमरीकी कांग्रेस और सुरक्षा परिषद की ओर से विभिन्न अवसरों पर यह कहा जा रहा है कि प्रतिबंध चरणबद्ध रूप से हटने चाहिएं किंतु हम जैसा कि वरिष्ठ नेता और राष्ट्रपति ने भी बल दिया है, दबाव के सामने डटे रहेंगे और सारे प्रतिबंध एक साथ हटाने होंगे। उन्होंने कहा कि हमारे पास दो ही रास्ते हैं या तो हम घुटने टेक दें कि जिसकी हमारी संस्कृति, हमारा अतीत और हमारा धर्म अनुमति नहीं देता या फिर हम अपने रास्ते पर डटे रहें यहां तक कि सफलता तक पहुंच जाएं। संसद में राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति आयोग के प्रमुख ने कहा कि हम विश्व की परमाणु शक्तियों के साथ असमान संघर्ष में विजयी रहे हैं और आज यूरेनियम निकालने से लेकर यलो केक बनाने और संवर्धन करने के सभी चरणों की तकनीक प्राप्त कर ली है। याद रहे ईरान और गुट पांच धन एक के सदस्य देशों अर्थात अमरीका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, रूस और जर्मनी के प्रतिनिधि कई वर्षों से जारी परमाणु वार्ता के दौरान अब समझौते का मसौदा तैयार करने के चरण में पहुंच चुके हैं जो इस पूरी वार्ता प्रक्रिया का सब से जटिल चरण कहा जा रहा है।