ईरान के स्वयंसेवी बल बसीज के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल मुहम्मद रज़ा नक़दी ने कहा कि यमनी जनता के विरुद्ध सऊदी अरब का हमला, क्षेत्र में प्रतिरोधक गतिविधियों से आले सऊद की बौखलाहट को दर्शाता है। उन्होंने बल दिया कि सऊदी अरब की नस्लभेदी व्यवस्था पतन की कगार पर है और यह काम कमज़ोर वर्ग के लोगों के हाथों होगा।
स्वयंसेवी बल बसीज के कमान्डर का यह बयान ऐसी स्थिति में है कि शुक्रवार को ईरान के विभिन्न नगरों में यमनी जनता से सहृदयता व्यक्त करने के लिए प्रदर्शन हुए। इसी प्रकार राजधानी तेहरान में नमाज़े जुमा के बाद यमन पर सऊदी अरब के अतिक्रमण के विरुद्ध विशाल प्रदर्शन हुए जिसमें प्रदर्शनकारियों ने अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं विशेषकर संयुक्त राष्ट्र संघ की चुप्पी की कड़े शब्दों में आलोचना की है।