इराक की सब से बड़ी रिफायनरी बीजी पर क़ब्ज़े के लिए सेना और आईएसआईएल के आतंकवादियों में भीषण झड़प जारी है।
इराक़ से प्राप्त समाचारों के अनुसार आईएसआईएल ने इराक के तिकरीत नगर के उत्तर में स्थित बीजी रिफायनरी पर क़ब्ज़े के लिए गुरुवार को नया हमला आरंभ कर दिया जिसके बाद एक इराकी सैन्य अधिकारी के अनुसार सेना और आईएसआईएल में भीषण युद्ध आरंभ हो गया है। बीजी रिफायनरी को आईएसआईएल के आतंकवादियों ने कई महीनों से घेर रखा है। इराक के सुरक्षा सूत्रों के अनुसार पुलिस ने बीजी रिफायनरी पर हमले के लिए जाने वाले आईएसआईएल के कई आत्मघाती हमलावरों को पकड़ने में सफलता प्राप्त कर ली है। इराकी सूत्रों के अनुसार यह आतंकवादी बमों से भरी एक कार को बीजी रिफायनरी ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी मध्य अलगदीर न्यूज़ चैनल ने रिपोर्ट दी है कि इराक की बद्र संस्था के प्रमुख और आईएसआईएल के विरुद्ध जन संघर्ष के विख्यात कमांडर हादी आमेरी गुरुवार को बीजी पहुंच चुके हैं ताकि बीजी और वहां की रिफायनरी पर क़ब्ज़े की लड़ाई का निकट से निरीक्षण कर सकें। इराकी रक्षा मंत्रालय ने बीजी की लड़ाई के दौरान ने बगदाद से अधिक सैनिक रवाना किये हैं। बीजी, इराक की राजधानी बगदाद से 200 किलोमीटर की दूरी पर स्थिति है और आईएसआईएल को इस क्षेत्र से खदेड़ना, इराक में आईएसआईएल के गढ़ मूसिल में आप्रेशन के लिए अत्याधिक महत्वपूर्ण है।