7 मई 2015 - 08:22
 आतंकियों के मुक़ाबले में पीछे हटना, युद्ध की रणनीति का भाग

सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा है कि विजय व पराजय, युद्ध का अटूट भाग हैं।

सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा है कि विजय व पराजय, युद्ध का अटूट भाग हैं।
बश्शार असद ने बुधवार को दमिश्क़ में शहीद दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह में कहा कि आतंकियों के मुक़ाबले में पीछे हटना, युद्ध में पराजय के अर्थ में नहीं है और सेना अपनी कार्यवाहियों में अधिक आत्म विश्वास प्राप्त करना चाहती है। उन्होंने कहा कि आज हम केवल एक मोर्चे पर नहीं लड़ रहे हैं बल्कि एक व्यापक युद्ध में व्यस्त हैं और युद्ध केवल एक लड़ाई नहीं है बल्कि लड़ाइयों का समूह है। बश्शार असद का यह बयान इदलिब प्रांत में आतंकियों की प्रगति के बाद सामने आया है जिसके अंतर्गत उन्होंने जिस्र शग़ूर नगर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। सीरिया के राष्ट्रपति ने कहा कहा कि इस प्रकार का पीछे हटना स्वाभाविक है और आतंकियों के साथ जारी युद्ध का अभिन्न भाग है। उन्होंने कहा कि हम दसियों या सैकड़ों लड़ाई की बात नहीं कर रहे हैं बल्कि हज़ारों लड़ाइयां हो रही हैं और विजय व पराजय तथा उतार-चढ़ाव युद्ध की प्रवृत्ति का अटूट भाग हैं। बश्शार असद ने इसी प्रकार सीरियाई जनता से अपील की कि वह अपना मनोबल बनाए रखे और निराशा की भावना को स्वयं के निकट न आने दे।