यमन पर सऊदी अरब के ताज़ा हमलों में कम से कम 45 लोग मारे गए हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को सऊदी अरब के युद्धक विमानों ने यमन के विभिन्न क्षेत्रों पर हमले किए जिनमें 45 लोग हताहत और 100 अन्य घायल हो गए। सअदा प्रांत के अस्पताल सूत्रों ने बताया है कि पूर्वोत्तरी यमन पर हमलों के दौरान सऊदी युद्धक विमानों ने क्लस्टर बमों का भी प्रयोग किया। सअदा में एक आवासीय मकान को निशाना बनाया गया जिसमें अनेक लोग हताहत हो गए। इसी प्रकार कताफ़ पर हमले में एक ही परिवार के सात लोग मारे गए जिनमें तीन महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। इस बीच सअदा, हज्जा और ज़ेमार पर सऊदी अरब के हवाई हमले जारी रहने के कारण मरने वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। सऊदी अरब के तोपख़ाने ने भी यमन के सीमावर्ती क्षेत्रों पर भारी गोलाबारी की है। उधर सूचना है कि सऊदी युद्धक विमानों ने ज़ेमार के क्षेत्र में पेट्रोल पंपों और शस्त्रागारों पर छः बार बमबारी की जिसके परिणाम स्वरूप अंसारुल्लाह जनांदोलन के तेरह लड़ाके मारे गए।इस बीच यमन की सेना ने अपनी कार्यवाही के दौरान दक्षिणी अदन में अलक़ादा संगठन के आतंकवादियों को काफ़ी नुक़सान पहुंचाया और उन्हें सुरक्षा बलों की छावनी, राष्ट्रपति भवन और रेडियो व टीवी की इमारत से खदेड़ दिया।