ईरान की न्यायपालिका के प्रमुख ने कहा है कि सऊदी अरब के अधिकारियों ने यमन पर हमले द्वारा मानवता के विरुद्ध अपराध किए हैं।
आयतुल्लाह सादिक़ आमुली लारीजानी ने बुधवार को कहा कि यमन में आले सऊद के अपराध मानवता के विरुद्ध अपराध का नमूना हैं और सऊदी अरब के अधिकारियों पर अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय में नाज़ी अपराधियों की भांति मुक़द्दमा चलाया जाना चाहिए। उन्होंने यमन की अत्याचारग्रस्त व असहाय जनता को खाद्य सामग्री व दवाओं की त्वरित आवश्यकता और सऊदी अरब की ओर से राहत व सहायता सामग्री यमनी जनता तक न पहुंचने देने को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि पश्चिमी अधिकारियों विशेष कर अमरीकियों ने यमन में मानवाधिकार के संबंध में दोहरे मानदंड अपना रखे हैं। आयतुल्लाह लारीजानी ने अमरीका व फ़्रांस सहित मानवाधिकार के दावेदार देशों द्वारा सऊदी अरब के अपराधों के समर्थन की निंदा करते हुए कहा कि हमारा मानना है कि यमन की जनता अपने प्रतिरोध, एकता व समरसता तथा मुसलमानों की भौतिक व नैतिक सहायताओं के माध्यम से इस युद्ध में विजयी होगी और सदा की भांति अत्याचारी पराजित होंगे।